नीमच। मित्रता दिवस को यादगार बनाते हुए इनरव्हील क्लब ऑफ नीमच डायमंड ने किलकारी मूकबधिर हॉस्टल में सेवा और संवेदनाओं से ओतप्रोत कार्यक्रम आयोजित किया। क्लब की सदस्याओं ने विशेष बच्चों के बीच पहुंचकर उनके साथ आत्मीय पल बिताए और मित्रता, प्रेम व सामाजिक अपनत्व का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को स्कूल बैग वितरित किए गए तथा उनके लिए विभिन्न मनोरंजक खेलों का आयोजन किया गया। बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ गतिविधियों में भाग लिया। बाद में सभी बच्चों को स्वल्पाहार भी कराया गया। पूरे आयोजन में बच्चों के चेहरों पर झलकती मुस्कान और उत्साह इस सेवा अभियान की सबसे बड़ी उपलब्धि रही।
यह सेवा प्रकल्प क्लब सदस्य रश्मि हरित के विशेष सहयोग से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में क्लब अध्यक्ष पायल गुर्जर, सचिव दिव्या जैन, आई.पी.पी. पूजा गर्ग, पूर्व अध्यक्ष अनुपूर्णा शर्मा, रिंकी तापड़िया, आई.एस.ओ. डिंपल चांदना, शिवांगी जैन, रिंकू प्रजापति, दीपिका खंडेलवाल, गौरी खंडेलवाल, वैष्णवी मिश्रा, रश्मि हरित सहित क्लब की अनेक सदस्याओं ने सहभागिता निभाई।
क्लब अध्यक्ष पायल गुर्जर ने कहा कि मित्रता दिवस का वास्तविक उद्देश्य समाज के उन बच्चों तक खुशियां पहुंचाना है, जिन्हें स्नेह और प्रोत्साहन की सबसे अधिक आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा कि इनरव्हील क्लब आगे भी सेवा, सहयोग और मानवीय मूल्यों को समर्पित ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रम निरंतर आयोजित करता रहेगा।कार्यक्रम की जानकारी क्लब एडिटर जयंती एनिया ने दी।