चित्तौड़गढ़। नगर विकास न्यास (यूआईटी) के मीटिंग हॉल में बुधवार को विधायक चंद्रभान सिंह आक्या की अध्यक्षता में शहरी सेवा शिविर फॉलोअप शिविरों की प्रगति एवं शहरवासियों की जनसमस्याओं को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में शहरी सेवा शिविरों से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। विधायक आक्या ने जलदाय विभाग, विद्युत विभाग, नगर परिषद एवं नगर विकास न्यास के अधिकारियों से शिविरों में प्राप्त प्रकरणों के निस्तारण एवं अब तक की प्रगति की जानकारी ली।
विधायक आक्या ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर में सड़क मरम्मत, पेयजल आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट, साफ-सफाई सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान किया जाए तथा फॉलोअप शिविरों में प्राप्त सभी प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण किया जाए।
बैठक में यूआईटी के पूर्व अध्यक्ष सुरेश झंवर, नगर परिषद के पूर्व सभापति सुशील शर्मा, अनिल ईनाणी, यूआईटी सचिव कैलाश चंद्र गुर्जर, भूमि अवाप्ति अधिकारी अंशुल आमेरिया, नगर परिषद आयुक्त रविंद्र यादव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।