शहडोल। जिले के जयसिंहनगर थाना क्षेत्र के ग्राम देवरा में महज 500 रुपये की चिकन पार्टी एक परिवार के लिए मातम में बदल गई। चिकन बनाने को लेकर हुए विवाद में बेटे ने अपने ही माता-पिता पर हमला कर दिया। इस हमले में पिता की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल में भर्ती है।
जानकारी के अनुसार, मजदूरी कर लौटे दउआ ने परिवार के साथ भोजन करने के लिए अपने बेटे अंजू को 500 रुपये देकर चिकन लाने भेजा। चिकन लाने के बाद बेटा स्वयं उसे बनाने की जिद करने लगा। मां यशोदा ने खाना खराब होने की बात कहकर मना किया, जिससे दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
विवाद बढ़ने पर आरोपी बेटे ने पहले अपनी मां पर हमला कर दिया। मां को बचाने पहुंचे पिता भी हमले का शिकार हो गए। गंभीर रूप से घायल पिता की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि मां का अस्पताल में इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही जयसिंहनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर हत्या का मामला दर्ज किया और आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की जांच कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।