चित्तौड़गढ़। जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस थाना सांचौर, जिला जालोर (राजस्थान) के आबकारी अधिनियम के एक प्रकरण में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से फरार था और अहमदाबाद (गुजरात) में टेम्पो चलाकर मजदूरी करते हुए अपनी पहचान छिपाकर रह रहा था।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि इनामी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए डीएसटी के एएसआई सूरज कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम में एएसआई राजकुमार (साइबर सेल) तथा कांस्टेबल अरविंद, अशोक, कृष्णकांत, जगदीश और रामकेश शामिल थे।
मुखबिर से सूचना मिली कि नवरत्न पिता भेरूदास वैष्णव, निवासी कश्मोर, थाना चंदेरिया, जो सांचौर थाना के आबकारी एक्ट के मामले में वांछित है, अहमदाबाद में रहकर टेम्पो चलाता है और आज अपने गांव आने वाला है। सूचना के आधार पर डीएसटी ने घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया तथा इसकी सूचना थाना सांचौर पुलिस को दी।
आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। नियमानुसार उसे अग्रिम कार्रवाई के लिए पुलिस थाना सांचौर, जिला जालोर को सुपुर्द कर दिया गया। आरोपी की गिरफ्तारी में थाना सांचौर के एएसआई सुरेंद्र सिंह एवं कांस्टेबल जयंतीलाल का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।