शाजापुर। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कालापीपल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5.003 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक प्रियंका शुक्ला के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घनश्याम मालवीय एवं एसडीओपी निमेश देशमुख के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रवि भंडारी के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से भेसायागढ़ा जोड़, कुरावर रोड पर अवैध मादक पदार्थ लेकर आने वाला है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम जाहिद उर्फ कामिल खां (40) निवासी ग्राम नांदनी, थाना कालापीपल बताया। तलाशी के दौरान उसके झोले से 5.003 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसे जब्त कर आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी सीहोर जिले के आष्टा थाना में लूट, धोखाधड़ी और जालसाजी सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज है, जिसमें उसे 7 वर्ष की सजा हो चुकी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रवि भंडारी, उप निरीक्षक मुनेश्वर भगत, सहायक उप निरीक्षक अमित नागर सहित कालापीपल थाना पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।