मल्हारगढ़। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) मल्हारगढ़ इकाई ने जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर सांदीपनि विद्यालय के अर्थशास्त्र शिक्षक उमेश कुमार मोदी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। परिषद का आरोप है कि शिक्षक विद्यालय में उपस्थित रहने के बावजूद नियमित रूप से कक्षाएं नहीं लेते, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
ज्ञापन में बताया गया कि छात्र-छात्राओं द्वारा शिकायत किए जाने के बाद भी विद्यालय प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की। आरोप है कि जब विद्यार्थियों ने शिक्षक से कक्षाएं नहीं लेने का कारण पूछा तो उन्होंने अभद्र व्यवहार किया और पढ़ाने से इनकार करते हुए अनुचित टिप्पणी की।
एबीवीपी ने शिक्षक को तत्काल निलंबित कर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। परिषद ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन उग्र आंदोलन एवं चक्का जाम करेगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।