दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस की जीत के बाद पार्टी ने जिले के वरिष्ठ नेता अवधेश नायक को बड़ी संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपी है। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी की सहमति से अवधेश नायक को प्रदेश महासचिव नियुक्त किया है।
गुरुवार को जारी हुए नियुक्ति आदेश में उनसे पार्टी की नीतियों, सिद्धांतों और संगठनात्मक अनुशासन के अनुरूप संगठन को मजबूत करने की अपेक्षा जताई गई है।
टिकट की दौड़ में था नायक का नाम
उल्लेखनीय है कि 2023 विधानसभा चुनाव और 2026 के दतिया उपचुनाव में अवधेश नायक का नाम टिकट की दौड़ में प्रमुखता से रहा, लेकिन दोनों बार पार्टी ने उन्हें उम्मीदवार नहीं बनाया।
इसके बावजूद उन्होंने उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी कुंवर घनश्याम सिंह के समर्थन में सक्रिय भूमिका निभाई। नियुक्ति पर अवधेश नायक ने कांग्रेस शीर्ष नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका पूरी निष्ठा से निर्वहन करेंगे और 2028 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत से काम करेंगे।