खरगोन। जिले के कसरावद में आगामी 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के सफल एवं गरिमामय आयोजन को लेकर गुरुवार को एसडीएम कार्यालय में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम अनिल जैन ने की। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को उनके दायित्वों से अवगत कराते हुए समय पर सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में स्वतंत्रता दिवस समारोह की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। पूर्व वर्षों की भांति इस वर्ष भी कार्यक्रम को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए नगर परिषद, पुलिस, विद्युत विभाग, स्वास्थ्य विभाग, जनपद पंचायत सहित सभी विभागों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं। समारोह स्थल पर एम्बुलेंस, दमकल वाहन, पेयजल, विद्युत, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
एसडीएम ने विद्यालयों से अधिक से अधिक विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने का आग्रह किया। बैठक में तहसीलदार मुकेश मचार, थाना प्रभारी इंद्रेश त्रिपाठी, जनपद पंचायत सीईओ रीना किराड़, नगर परिषद, एमपीईबी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, नगर के गणमान्य नागरिक एवं पत्रकार बंधु उपस्थित रहे।