दमोह। खाद की किल्लत और टोकन न मिलने से परेशान किसानों के सब्र का बांध आखिरकार टूट गया। दमोह जिले के तेंदूखेड़ा में खाद न मिलने से नाराज बड़ी संख्या में किसानों ने एकत्र होकर दमोह-जबलपुर हाईवे पर जाम लगा दिया। अचानक हुए इस चक्काजाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और करीब दो घंटे तक यातायात पूरी तरह से ठप्प रहा।
5 हजार बोरी खाद वितरण के दावे पर उठाए सवाल
प्रदर्शन कर रहे किसानों ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वे पिछले कई दिनों से खाद पाने के लिए दर-दर भटक रहे हैं, लेकिन उन्हें न तो टोकन दिया जा रहा है और न ही खाद मिल रही है। किसानों का कहना था कि प्रशासनिक अधिकारी 5 हजार बोरी खाद वितरित करने का दावा कर रहे हैं, जबकि जमीनी हकीकत यह है कि अधिकांश किसानों के हाथ खाली हैं। किसानों ने सवाल उठाया कि अगर इतनी बड़ी मात्रा में खाद बांटी गई है, तो आखिर वह खाद किसे दी गई?
अधिकारियों के आश्वासन के बाद खुला जाम
हाईवे पर जाम की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भारी बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और खाद वितरण व्यवस्था को दुरुस्त करने का आश्वासन दिया। काफी देर तक चली समझाइश के बाद किसानों ने अपना आंदोलन समाप्त किया, जिसके बाद हाईवे पर यातायात बहाल हो सका।