सिंगोली। नवागत तहसीलदार ऋषभ ठाकुर ने पदभार ग्रहण करने के बाद गुरुवार को तहसील कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाए जाने पर उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को स्वच्छता बनाए रखने के लिए सख्त निर्देश दिए और तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार ने लोकसेवा केंद्र पहुंचकर प्रतिदिन प्राप्त होने वाले आवेदनों की जानकारी ली तथा वहां भी साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने नाजिर शाखा, रिकॉर्ड रूम एवं अभिलेखागार का निरीक्षण कर कर्मचारियों को समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
तहसीलदार ऋषभ ठाकुर ने कहा कि राजस्व प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि लंबित मामलों की समीक्षा कर उनका शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि आमजन को समय पर सुविधाओं का लाभ मिल सके। निरीक्षण के दौरान राजस्व विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।