सेगांव। भारतीय जनता पार्टी मंडल सेगांव की संगठनात्मक मासिक बैठक गुरुवार को शक्ति केंद्र रसगांव में संपन्न हुई। बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा की प्रदेश मंत्री एवं खरगोन जिला प्रभारी संगीता सोनी ने कहा कि “भाजपा का बूथ अध्यक्ष ही पार्टी की नींव है। नींव मजबूत होगी तो दीवारें अपने आप मजबूत खड़ी होंगी।”
उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन का सिपाही है। यदि हम सब मिलकर संकल्प के साथ काम करेंगे तो सेगांव मंडल में भी इस बार विधानसभा में कमल अवश्य खिलेगा। श्रीमती सोनी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि हार से निराश न हों, बल्कि नए विश्वास और संकल्प के साथ पार्टी के काम में जुट जाएं। उन्होंने सरकार की जनहितैषी और कल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने और कांग्रेस द्वारा फैलाए जा रहे झूठ व दुष्प्रचार का पर्दाफाश करने का आह्वान किया।
बैठक में भाजपा जिला अध्यक्ष नंदा ब्राह्मण ने कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर कार्य करने का संदेश दिया। उन्होंने दतिया चुनाव से सबक लेते हुए कहा कि सेगांव मंडल में भाजपा की जीत के लिए अभी से कमर कस लें।
कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा प्रत्याशी चंद्र सिंह वास्कले, जिला महामंत्री विवेक भटोरे, जिला उपाध्यक्ष शालिनी राठौरिया, जिला कार्यालय मंत्री विजय पटेल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक का स्वागत भाषण मंडल अध्यक्ष अश्विन ठाकुर ने दिया। आभार मंडल उपाध्यक्ष दीपक पटेल ने व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन भाजपा मीडिया संयोजक बबलू गुप्ता ने किया।