खरगोन। मध्यप्रदेश पुलिस पेंशनर्स एसोसिएशन, जिला खरगोन ने गुरुवार को जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से पुलिसकर्मियों की सुरक्षा के लिए विशेष कानूनी प्रावधान लागू करने की मांग की गई।
ज्ञापन में 20 जुलाई 2026 को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान पुलिस एवं सुरक्षा बलों पर हुए हमलों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा गया कि ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रोटेक्शन एक्ट लागू किया जाए।
एसोसिएशन ने मांग की कि प्रदर्शन के दौरान होने वाली हिंसक घटनाओं की जिम्मेदारी संबंधित आयोजकों पर तय की जाए। साथ ही ड्यूटी के दौरान घायल पुलिसकर्मियों के इलाज का पूरा खर्च सरकार वहन करे और शहीद होने की स्थिति में उनके परिजनों को 5 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।
इसके अलावा ज्ञापन में मीडिया से भी ऐसे मामलों में पुलिस का पक्ष प्रमुखता से सामने लाने का आग्रह किया गया। जिला कलेक्टर के माध्यम से यह ज्ञापन केंद्र एवं राज्य सरकार को भेजा गया।