नीमच। जिला न्यायालय नीमच के प्रथम तल स्थित कक्ष क्रमांक-8 में गुरुवार को चिकित्सा कक्ष का शुभारंभ किया गया। इसका उद्घाटन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश वीरेंद्र सिंह राजपूत ने किया। इस अवसर पर जिला मुख्यालय के न्यायाधीश, जिला अभिभाषक संघ के अध्यक्ष मनीष जोशी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी. प्रसाद, अभिभाषक संघ के पदाधिकारी, वरिष्ठ अधिवक्ता, लीगल एड डिफेंस काउंसिल एवं न्यायालयीन कर्मचारी उपस्थित रहे।
शुभारंभ के दौरान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने स्वयं रक्तचाप (बीपी) की जांच कराकर चिकित्सा कक्ष का औपचारिक उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि न्यायालय परिसर में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के स्वास्थ्य और सुविधा का ध्यान रखना न्यायिक परिवार की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
चिकित्सा कक्ष में न्यायालयीन समय के दौरान पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती रहेगी। यहां पक्षकारों, अधिवक्ताओं, कर्मचारियों एवं न्यायाधीशों को प्राथमिक उपचार के साथ-साथ बीपी, शुगर सहित आवश्यक स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने कहा कि यह पहल न्यायिक परिवार के स्वास्थ्य, कल्याण और बेहतर कार्य वातावरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, जिससे न्यायालय परिसर में आने वाले सभी लोगों को लाभ मिलेगा।