कटनी। कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने वर्तमान भाजपा सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने इसे अराजकता और भ्रष्टाचार की सरकार करार दिया। पटवारी गुरुवार को कटनी जिले में आयोजित दो दिवसीय संगठन सृजन कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
इस दौरान उन्होंने जिले भर से आए कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। पटवारी ने आगामी विधानसभा, नगरीय निकाय और पंचायत चुनावों में जीत हासिल करने के मूल मंत्र दिए। उन्होंने दतिया उपचुनाव में मिली सफलता का विशेष रूप से उल्लेख करते हुए कहा कि यदि कार्यकर्ता एकजुट होकर धरातल पर संघर्ष करें, तो परिणाम हमेशा पक्ष में आते हैं।
शहर के निजी होटल में एक प्रेसवार्ता के दौरान जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि यह सरकार केवल जनता के पैसों से विज्ञापनों के जरिए अपनी झूठी वाहवाही लूटने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में विकास के नाम पर केवल भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है।
जिले के विधायकों पर गंभीर आपराधिक मामले
पटवारी ने जिले के भाजपा विधायकों और जनप्रतिनिधियों पर भी तंज कसा। उन्होंने चेतावनी दी कि जिन विधायकों पर गंभीर आपराधिक मामले लंबित हैं, उन्हें प्रदेश की जनता माफ नहीं करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर जनहित से खिलवाड़ करने वाले और भ्रष्टाचारियों से पूरा हिसाब चुकता किया जाएगा और वसूली की जाएगी।
संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी के आंतरिक ढुलमुल रवैये पर भी बात की। उन्होंने निष्क्रिय पदाधिकारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि जो व्यक्ति स्थानीय स्तर पर भ्रष्टाचार या जनहित के मुद्दों पर चुप्पी साधकर सत्तापक्ष से मधुर संबंध बनाने की कोशिश करेंगे, वे श्नए कांग्रेसश् में फिट नहीं बैठेंगे।
चारों विधानसभाओं में करेंगे रात्रि विश्राम
जीतू पटवारी ने कहा कि वे जल्द ही दोबारा कटनी के दौरे पर आएंगे। उन्होंने घोषणा की कि वे जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों में व्यक्तिगत रूप से पहुंचकर रुकेंगे, कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करेंगे और संगठन को निचले स्तर तक मजबूत करने की दिशा में कार्य करेंगे। इस दौरान जिले के वरिष्ठ कांग्रेस नेता, पूर्व जनप्रतिनिधि, विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष और बड़ी संख्या में ब्लॉक व मंडल स्तर के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।