नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में पशुपालन एवं डेयरी विभाग की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में पशुपालकों को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) उपलब्ध कराने, नस्ल सुधार, टीकाकरण, स्वरोजगार योजनाओं और विभागीय प्रगति की समीक्षा की गई।
समीक्षा में बताया गया कि जिले में अब तक 6,200 पशुपालकों को लगभग 23 करोड़ रुपये का केसीसी ऋण उपलब्ध कराया जा चुका है। चालू वित्तीय वर्ष के 80 करोड़ रुपये के लक्ष्य की पूर्ति के लिए आगामी माह में 3,500 नए केसीसी प्रकरण तैयार कर स्वीकृत कराने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि सभी पात्र पशुपालकों को केसीसी का लाभ दिलाना प्राथमिकता रहे।
बैठक में नस्ल सुधार कार्यक्रम, सेक्स सॉर्टेड सीमन, क्षीरधारा ग्राम योजना, हितग्राहीमूलक योजनाओं, हरा चारा उत्पादन तथा खुरपका-मुंहपका टीकाकरण अभियान की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को लक्ष्य के अनुरूप कार्यों में तेजी लाने और ऑनलाइन प्रविष्टियां समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने निष्क्रिय मैत्री कार्यकर्ताओं के विरुद्ध कार्रवाई, नए आवेदन आमंत्रित करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में पशु चिकित्सा सेवाएं सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। जावद विकासखंड में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर विकासखंड पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. सी.एल. मालवीय को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश भी दिए।