मंदसौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 की शुरुआत जिले में 7 अगस्त से मल्हारगढ़ से होगी। अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान, शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा तथा लोक सेवाओं का समय-सीमा में लाभ सुनिश्चित करना है।
अभियान के तहत प्रत्येक शुक्रवार नगर परिषद एवं जनपद पंचायत क्षेत्रों में जनसंवाद शिविर आयोजित किए जाएंगे। इनमें जनप्रतिनिधि, कलेक्टर दिव्यांक सिंह, अपर कलेक्टर एकता जायसवाल, सीईओ जिला पंचायत अनुकूल जैन सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहकर आमजन की समस्याएं सुनेंगे और उनका यथासंभव मौके पर ही निराकरण करेंगे।
शिविरों में विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं, लोक सेवा गारंटी, सीएम हेल्पलाइन एवं जनसुनवाई के लंबित प्रकरणों की समीक्षा भी की जाएगी। जिला स्तर पर समाधान संभव नहीं होने वाले मामलों को संबंधित विभागों के माध्यम से समयबद्ध तरीके से निराकृत कराया जाएगा।
कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्धारित तिथि पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने तथा विद्यालय, स्वास्थ्य संस्थान, आंगनवाड़ी, लोक सेवा केंद्र, पेयजल एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं का निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। अभियान की सभी गतिविधियों की पोर्टल आधारित मॉनिटरिंग होगी तथा कार्यक्रम सादगी और मितव्ययिता के साथ आयोजित किए जाएंगे।
कलेक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा नागरिकों की समस्याओं का संवेदनशील और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है।