उज्जैन। तराना तहसील के ग्राम खजुरिया में खेत की खंती जेसीबी से खुदवाने को लेकर विवाद सामने आया है। किसान विशाल ठाकुर ने नायब तहसीलदार टीना मालवीय और राजस्व अमले पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं प्रशासन का कहना है कि कार्रवाई नियमानुसार की गई है।
किसान विशाल ठाकुर का आरोप है कि उनकी निजी भूमि के सर्वे क्रमांक 443/2 एवं 444 में पड़ोसी खेत के पानी की निकासी के लिए जेसीबी से खंती खुदवाई गई, जबकि इस भूमि से जुड़ा मामला सिविल कोर्ट में लंबित है। किसान का कहना है कि उन्होंने कार्रवाई का विरोध भी किया, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई। उन्होंने प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच और कृषि भूमि को हुए नुकसान की भरपाई की मांग की है।
वहीं नायब तहसीलदार टीना मालवीय द्वारा मीडिया को जानकारी देते बताया गया है की वहां पर पूर्व से ही नाला बना हुआ था, जिसमें मिट्टी और पत्थर डाल देने से पानी की निकासी बंद हो गई थी। उसे नियमानुसार खुलवाया गया है।
फिलहाल मामले में किसान ने प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत कर निष्पक्ष जांच की मांग की है। अब देखना होगा कि जांच के बाद इस विवाद में क्या तथ्य सामने आते हैं।