नीमच। शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात बाधित करने वाले अतिक्रमण के खिलाफ नगर पालिका परिषद नीमच की कार्रवाई लगातार जारी है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया के निर्देशन में गुरुवार को लायंस चौराहा से बारादरी तक विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान लायंस चौराहा, फव्वारा चौक, टैगोर मार्ग एवं बारादरी क्षेत्र में दुकानों के बाहर फुटपाथ और सड़क तक फैला सामान हटवाया गया। इस दौरान सड़क किनारे खड़े दो ठेले जब्त किए गए तथा 20 चालान बनाकर कुल 6,700 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
नगर पालिका की टीम ने दुकानदारों को चेतावनी दी कि यदि दोबारा अतिक्रमण किया गया तो सामान जब्त करने के साथ ही नियमानुसार भारी जुर्माना और अन्य कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई में राजस्व अधिकारी खेमचंद मुसले, स्वास्थ्य अधिकारी दिनेश टांक, सहायक राजस्व निरीक्षक महावीर जैन सहित नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी जेसीबी, ट्रैक्टर-ट्रॉली एवं अन्य संसाधनों के साथ मौजूद रहे।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया ने शहरवासियों एवं व्यापारियों से अपील की है कि वे स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाएं और फुटपाथ एवं सड़क को अतिक्रमण मुक्त रखें। उन्होंने कहा कि दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।