नीमच। दिल्ली के पीतमपुरा स्थित गोल्डन एप्पल बैंक्विट में 5 अगस्त 2026 को गौ सम्मान आह्वान अभियान की अखिल भारतीय केंद्रीय राष्ट्रीय समन्वय समिति की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में देशभर से पहुंचे साधु-संतों और गौ सेवकों ने सहभागिता की। नीमच जिले से भी गौभक्तों ने बैठक में शामिल होकर अभियान के तहत एकत्रित हस्ताक्षर पत्रक एवं प्रार्थना पत्र सौंपे।
गौ सेवक विक्रम सिंह सोनगरा ने बताया कि बैठक में अभियान के प्रचार-प्रसार, जिला स्तर पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्रियों को सौंपे गए ज्ञापनों तथा एकत्रित हस्ताक्षरों की समीक्षा की गई। बैठक में गौ माता को ‘राष्ट्रमाता’ का आधिकारिक दर्जा देने की मांग दोहराई गई।
इसके साथ ही देशभर में गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के लिए केंद्रीय कानून बनाए जाने पर जोर दिया गया। आगामी अगस्त से अक्टूबर 2026 के दौरान राज्य स्तर पर प्रार्थना पत्र देने और जनसंवाद को और प्रभावी बनाने की कार्ययोजना पर भी चर्चा की गई।
नीमच जिले से एकत्रित हस्ताक्षर पत्रक दिल्ली में आयोजित केंद्रीय समीक्षा बैठक में सौंपे गए। इस दौरान बाहर से पहुंचे साधु-संतों का मार्गदर्शन भी प्राप्त हुआ। प्रसिद्ध भजन गायक प्रकाश दास महाराज के भजनों पर उपस्थित गौभक्तों ने उत्साहपूर्वक भजन-कीर्तन किया।
बैठक में नीमच जिले से अंकित जोशी, विक्रम सिंह सोनगरा, रुपलाल पाटीदार, बलु कुमावत, दीपेश पाटीदार, कन्हैयालाल, अर्जुन सिंह, निखिल कारपेंटर, आशीष राठौड़, मोहित माली और कृष्णा कहार सहित अन्य गौभक्त शामिल हुए।