निम्बाहेड़ा। राजस्थान सरकार के सार्वजनिक निर्माण विभाग ने बजट घोषणा 2026-27 के तहत निम्बाहेड़ा विधानसभा क्षेत्र में सड़क विकास के लिए 10.88 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की है। यह स्वीकृति पूर्व स्वायत्त शासन मंत्री एवं विधायक श्रीचंद कृपलानी की अनुशंसा पर दी गई है। इससे क्षेत्र की मिसिंग लिंक, नॉन-पेचेबल तथा ग्रामीण संपर्क सड़कों का निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण किया जाएगा।
निम्बाहेड़ा ब्लॉक में दो मिसिंग लिंक एवं सात नॉन-पेचेबल सड़कों के निर्माण और नवीनीकरण को मंजूरी मिली है। इनमें अनोपपुरा-सुखानंदजी (मध्यप्रदेश सीमा), कानपुरा-भेरूखेड़ा, कोटड़ी कलां-सरलाई, कारुण्डा-पायरी, धीनवा-बड़ौली माधोसिंह, कनेरा-सरसी-गुंदारेल-रूपाजी की ढाणी, एनएच-79 से पीपलिया, मांगरोल-अरनोदा तथा बड़ावली-कोचवा मार्ग शामिल हैं।
वहीं छोटीसादड़ी ब्लॉक में चार मिसिंग लिंक और दो नॉन-पेचेबल सड़क परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई है। इनमें राजपुरा-लालपुरा, कल्याणपुरा-एमपी बॉर्डर, पुलिस थाना जलोदा-बम्बोरा, धोलापानी-ईंटों का तालाब, जलोदा-मोमीपुरा तथा गागरोल-जलमीण्डी सड़कें शामिल हैं।
विधायक श्रीचंद कृपलानी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर सड़क सुविधाओं से जोड़ना उनकी प्राथमिकता है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों एवं आमजन को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी, परिवहन लागत कम होगी तथा क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।
क्षेत्रवासियों एवं जनप्रतिनिधियों ने सड़क विकास की इन परियोजनाओं की स्वीकृति पर विधायक श्रीचंद कृपलानी एवं राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि इससे निम्बाहेड़ा विधानसभा क्षेत्र का सड़क नेटवर्क और अधिक मजबूत एवं आधुनिक बनेगा।