रायसेन। जिले में खाद वितरण केंद्रों पर किसानों की भीड़ लगातार बढ़ रही है। भोपाल रोड स्थित जिला विपणन के डबल लॉक गोदाम पर गुरुवार और शुक्रवार को खाद के टोकन लेने के लिए करीब 800 किसान कतार में खड़े नजर आए।
भीड़ को देखते हुए तहसीलदार भरत सिंह और थाना प्रभारी नरेंद्र गोयल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और व्यवस्था संभाली। किसानों को कुल 810 टोकन वितरित किए गए, जो 19 अगस्त तक के लिए जारी किए गए हैं। कृषि विभाग ने जिले में खाद की पर्याप्त उपलब्धता होने का दावा किया है।
19 अगस्त तक के लिए मिले टोकन
खाद लेने के लिए बड़ी संख्या में किसान डबल लॉक गोदाम पहुंचे थे। भीड़ बढ़ने पर प्रशासन ने मौके पर व्यवस्था संभाली। पुलिस की मौजूदगी में किसानों को टोकन वितरित किए गए। कुल 810 टोकन जारी किए गए हैं। अब किसान टोकन में निर्धारित तारीख के अनुसार गोदाम से खाद प्राप्त कर सकेंगे।
धान की फसल के लिए खाद की जरूरत
किसानों का कहना है कि वर्तमान समय में धान की फसल के लिए खाद की आवश्यकता है। उनका कहना है कि फसल की बढ़वार और उत्पादन के लिए समय पर उर्वरक मिलना जरूरी है। इसी वजह से खाद लेने के लिए वितरण केंद्रों पर बड़ी संख्या में किसान पहुंच रहे हैं।
1.06 लाख मीट्रिक टन खाद पहुंची
उप संचालक कृषि केपी भगत के अनुसार खरीफ 2026 के लिए जिले में 1,37,050 मीट्रिक टन उर्वरक का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके मुकाबले अब तक 1,06,344 मीट्रिक टन खाद जिले को प्राप्त हो चुकी है। इसमें से 73,918 मीट्रिक टन उर्वरक किसानों को वितरित किया जा चुका है।
गोदामों में 32 हजार मीट्रिक टन स्टॉक
वर्तमान में जिले में 32,428 मीट्रिक टन उर्वरक का भंडारण उपलब्ध है। इसमें 12,202 मीट्रिक टन यूरिया, 1,281 मीट्रिक टन डीएपी, 3,136 मीट्रिक टन एमओपी, 6,792 मीट्रिक टन एनपीके और 9,017 मीट्रिक टन एसएसपी शामिल है।
जल्द आएगी 995 मीट्रिक टन डीएपी की रैक
कृषि विभाग के मुताबिक जिले को जल्द ही 995.27 मीट्रिक टन डीएपी की नई रैक मिलने वाली है। विभाग ने किसानों से डीएपी के विकल्प के रूप में एनपीके और सुपर फॉस्फेट का उपयोग करने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि जिले में खाद की कमी नहीं है और किसान सहकारी समितियों, डबल लॉक केंद्रों तथा पंजीकृत निजी विक्रेताओं से अपनी जरूरत के अनुसार उर्वरक खरीद सकते हैं।