मल्हारगढ़। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं मल्हारगढ़ विधायक जगदीश देवड़ा ने शुक्रवार को क्षेत्र का दौरा कर देवढुंगरी माता मंदिर एवं देव नारायण मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इसके बाद उन्होंने जनसंवाद कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों से रूबरू होकर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जनसंवाद के दौरान ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कार्यों में कथित अनियमितताओं और गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए निर्माण कार्यों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। इसके साथ ही मंदिर क्षेत्र की आड़ में कथित अवैध खनन की शिकायत भी उपमुख्यमंत्री के समक्ष रखी गई।
कार्यक्रम में महिलाओं ने कई महीनों से राशन नहीं मिलने की समस्या से भी अवगत कराया। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने संबंधित अधिकारियों को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए तथा समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।
डिप्टी सीएम ने राशन दुकान का किया औचक निरीक्षण-
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने क्षेत्र भ्रमण के दौरान शासकीय उचित मूल्य की दुकान का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने राशन वितरण व्यवस्था, स्टॉक रजिस्टर, खाद्यान्न की गुणवत्ता एवं रिकॉर्ड का अवलोकन कर अधिकारियों से जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र हितग्राहियों को समय पर गुणवत्तापूर्ण राशन उपलब्ध कराया जाए तथा वितरण व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। इस अवसर पर जिला कलेक्टर सहित संबंधित विभाग एवं सहकारी संस्था के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर कलेक्टर दिव्यांक सिंह, पुलिस अधीक्षक, जिला एवं स्थानीय प्रशासन के अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।