चित्तौड़गढ़। सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ का 66वां स्थापना दिवस शुक्रवार को उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। समारोह के मुख्य अतिथि भारतीय सेना की साउथ वेस्टर्न कमांड के वरिष्ठ अधिकारी लेफ्टिनेंट जनरल पदम सिंह शेखावत (पीवीएसएम, एवीएसएम, एसएम) रहे। स्कूल पहुंचने पर प्राचार्य कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया, उप प्राचार्या लेफ्टिनेंट कर्नल ईशा ठकराल एवं प्रशासनिक अधिकारी मेजर सी. श्रीकुमार ने उनका स्वागत किया। कैडेट्स ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया तथा मुख्य अतिथि ने शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की।
शंकर मेनन सभागार में आयोजित समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। विद्यालय की डॉक्यूमेंट्री प्रदर्शित की गई तथा आर्ट शिक्षिका कीर्तिबाला ने लाइव पेंटिंग प्रस्तुत की। प्राचार्य कर्नल जसरोटिया ने विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए विकास कार्यों की जानकारी दी। कैडेट्स ने लोकगीतों पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।
मुख्य अतिथि ने विद्यालय की वार्षिक पत्रिका का डिजिटल विमोचन किया तथा शैक्षणिक वर्ष 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स, खिलाड़ियों और शिक्षकों को सम्मानित किया। पूर्व छात्रों की ओर से मेधावी विद्यार्थियों को छात्रवृत्तियां भी प्रदान की गईं। बादल हाउस को बेस्ट अकादमिक ट्रॉफी तथा सांगा हाउस को कॉक हाउस ट्रॉफी से सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में लेफ्टिनेंट जनरल पदम सिंह शेखावत ने कहा कि सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ केवल एक शिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि चरित्रवान नेतृत्व और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने वाली संस्था है। उन्होंने विद्यालय की गौरवशाली उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां से सेना प्रमुख, पूर्व उपराष्ट्रपति सहित अनेक सैन्य अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी और विभिन्न क्षेत्रों के उत्कृष्ट व्यक्तित्व निकले हैं।
समारोह के दौरान आईसीआईसीआई बैंक के सहयोग से निर्मित एथलेटिक ट्रैक का उद्घाटन किया गया। कैडेट्स द्वारा तैयार विज्ञान एवं कला प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया गया। स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में इंडोर स्टेडियम में केक काटा गया तथा अंत में प्राचार्य ने मुख्य अतिथि को स्मृति-चिन्ह भेंट किया। कार्यक्रम में सेना के वरिष्ठ अधिकारी, पूर्व छात्र, शिक्षक, बैंक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।