नीमच। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत नगरीय विकास एवं आवास विभाग के संयुक्त संचालक भविष्य खोपरेकर शुक्रवार को नीमच पहुंचे। उन्होंने नगर पालिका की कार्यप्रणाली और शहर में संचालित विकास कार्यों का निरीक्षण कर जनहित से जुड़े कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
संयुक्त संचालक ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया एवं अधिकारियों के साथ बैठक कर पेंशन, संबल सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ बिना देरी उपलब्ध कराया जाए तथा अधिक से अधिक लोगों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में शिविर आयोजित किए जाएं।
बैठक में नगर पालिका में लंबित आवेदनों की भी समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आमजन के आवेदन अनावश्यक रूप से लंबित न रखें और उनका समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करें।
दौरे के दौरान संयुक्त संचालक ने अमृत योजना के तहत ग्वाल टोली तालाब में चल रहे निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता एवं प्रगति का जायजा लेते हुए इसे निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।