नीमच। कृषि उपज मंडी को एक वित्तीय वर्ष में 100 करोड़ रुपये के राजस्व तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले पदोन्नत एवं स्थानांतरित अधिकारियों-कर्मचारियों के सम्मान में अजवाइन व्यापारियों ने स्वागत, सम्मान एवं विदाई समारोह आयोजित किया। औषधि मंडी स्थित राकेश ट्रेडर्स पर आयोजित कार्यक्रम में मंडी सचिव उमेश बसेड़िया सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।
मंडी के कुल 20 अधिकारियों-कर्मचारियों का प्रमोशन हुआ है, जबकि इनमें से 6 का स्थानांतरण अन्य मंडियों में किया गया है। मंडी निरीक्षक समीर दास को पदोन्नति देकर जबलपुर कृषि उपज मंडी में सचिव पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंडी सचिव उमेश बसेड़िया ने कहा कि पदोन्नत एवं स्थानांतरित कर्मचारियों ने टीम भावना के साथ कार्य करते हुए मंडी की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाया। उनके सामूहिक प्रयासों से ही नीमच मंडी ने एक वित्तीय वर्ष में 100 करोड़ रुपये के राजस्व का ऐतिहासिक आंकड़ा हासिल किया।
नवपदस्थ सचिव समीर दास ने नीमच मंडी में बिताए अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि यहां किसान, व्यापारी और कर्मचारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हैं, जिससे मंडी की पहचान देश की अग्रणी मंडियों में बनी है।
इस अवसर पर व्यापारियों ने पदोन्नत एवं स्थानांतरित अधिकारियों-कर्मचारियों का पुष्पमालाओं से सम्मान कर नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का संचालन वी.के. जैन ने किया, जबकि आभार राकेश गर्ग ने व्यक्त किया।