इंदौर। दूध और दुग्ध उत्पादों में मिलावट के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने इंदौर में बड़ी कार्रवाई की है। खाद्य सुरक्षा विभाग और एफएसएसएआई की टीम ने एबी रोड स्थित पराग मिल्क फूड्स लिमिटेड के कंपनी डिपो का निरीक्षण किया। यहां गोवर्धन ब्रांड घी का करीब 25 हजार लीटर स्टॉक मिला, जिसकी अनुमानित कीमत 1.50 करोड़ रुपये बताई गई है।
टीम ने घी के अलग-अलग पैकिंग साइज के 20 नमूने जांच के लिए लिए हैं। जांच रिपोर्ट आने और आगामी आदेश तक पूरे स्टॉक की बिक्री पर रोक लगा दी गई है। अधिकारियों के मुताबिक, यह डिपो मध्यप्रदेश में गोवर्धन ब्रांड घी की सप्लाई का प्रमुख केंद्र है।
इसी अभियान के तहत साउथ हरसिद्धि स्थित भावण्या इंटरप्राइजेज का भी निरीक्षण किया गया। यहां से गोपीश्री ब्रांड घी के चार नमूने लिए गए और करीब 312 लीटर घी, जिसकी कीमत लगभग 1.24 लाख रुपये है, जब्त किया गया।
वहीं, शिकायत के आधार पर विजय नगर क्षेत्र स्थित एक रेस्टोरेंट की भी जांच की गई। यहां साफ-सफाई और स्वच्छता के मानकों में कमी पाए जाने पर सुधार सूचना पत्र जारी किया जा रहा है। रेस्टोरेंट से पनीर, दही और मसालों के नमूने लेकर जांच के लिए भोपाल की राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
खाद्य सुरक्षा विभाग की यह कार्रवाई प्रदेश में जुलाई 2026 से चलाए जा रहे दूध और दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता जांच अभियान का हिस्सा है।