कसरावद। नगर में अमृत मिशन 2.0 के तहत चल रहे विकास कार्यों का नगर परिषद के प्रतिनिधियों और पार्षदों ने निरीक्षण किया। वार्ड क्रमांक 12 स्थित नावड़ातोड़ी रोड पर 30.97 लाख रुपये की लागत से बन रहे पार्क और 4.40 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन लिक्विड वेस्ट मैनेजमेंट (LWM) प्लांट का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि एवं विधायक प्रतिनिधि राजेंद्र सिंह यादव ने निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित ठेकेदार को कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समय सीमा में निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए।
राजेंद्र सिंह यादव ने कहा कि नगर के विकास कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अमृत मिशन 2.0 के तहत हो रहे कार्यों का लाभ जल्द से जल्द आम जनता को मिलना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान नगर परिषद उपाध्यक्ष प्रतिनिधि पप्पू सोनी, पार्षद प्रतिनिधि शुभम कुशवाह, शहीद खान (हैडली) और परमानंद खेड़े सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।