नीमच। स्वामी विवेकानंद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नीमच में विक्रम विश्वविद्यालय द्वारा जारी स्नातक एवं स्नातकोत्तर परीक्षाओं के परिणामों में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन किया।
एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने कॉलेज परिसर में आंखों पर काली पट्टी बांधकर विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली के खिलाफ नाराजगी जताई। संगठन का आरोप है कि तकनीकी एवं मूल्यांकन संबंधी त्रुटियों के कारण कई विद्यार्थियों के परिणाम प्रभावित हुए हैं।
ABVP पदाधिकारियों के अनुसार, कई छात्रों के रिजल्ट में अनुपस्थित (ABS), पूरक (ATKT/Supplementary) और रिजल्ट विथहेल्ड (W.H.) जैसी स्थिति दर्शाई गई है, जबकि विद्यार्थियों ने परीक्षाएं दी थीं। संगठन ने इसे विश्वविद्यालय स्तर की लापरवाही बताते हुए परिणामों में तत्काल सुधार की मांग की।
कॉलेज परिसर अध्यक्ष अमन पांडे ने कहा कि छात्रों को समस्या समाधान के लिए उज्जैन जाने की सलाह दी जा रही है, जबकि गलती विश्वविद्यालय स्तर पर हुई है। उन्होंने मांग की कि कॉलेज प्रशासन विश्वविद्यालय से समन्वय कर विद्यार्थियों की समस्याओं का शीघ्र निराकरण कराए।
प्रदर्शन के बाद एबीवीपी ने प्राचार्य के माध्यम से विक्रम विश्वविद्यालय के कुलसचिव के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में परिणामों की जांच, त्रुटियों के सुधार और प्रभावित विद्यार्थियों को राहत देने की मांग की गई। संगठन ने चेतावनी दी कि दो दिन में समाधान नहीं होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा।