चित्तौड़गढ़। पंचायत समिति चित्तौड़गढ़ की साधारण सभा की बैठक शुक्रवार को पंचायत समिति सभागार में विधायक चंद्रभान सिंह आक्या के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुई। बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा विभिन्न विभागों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
विकास अधिकारी जितेंद्र सिंह चूंडावत ने बैठक की शुरुआत गत बैठक की कार्यवाही का विवरण प्रस्तुत कर की, जिसका सर्वसम्मति से अनुमोदन किया गया।
बैठक में विधायक आक्या ने विभिन्न ग्राम पंचायतों में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने 15वें वित्त आयोग एवं राज्य वित्त आयोग से स्वीकृत विकास कार्यों की भी समीक्षा की।
विधायक ने प्रशासकों एवं ग्राम विकास अधिकारियों को केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
उन्होंने विद्युत विभाग के सहायक अभियंता भरत नामा को क्षेत्र के खराब ट्रांसफार्मर शीघ्र बदलने, सिंगल एवं थ्री-फेज बिजली आपूर्ति सुचारू रखने तथा ट्रांसफार्मर चोरी के मामलों में तत्काल एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए।
बैठक में वन अधिकार अभियान-2026 सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की गई। बैठक के अंत में विधायक, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने श्हर घर तिरंगाश् अभियान के तहत हाथों में तिरंगा लेकर वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया।
इस अवसर पर उपखंड अधिकारी अंशुल भटनागर, सहायक अभियंता भरत व्यास, अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी शंभूलाल सोमानी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।