चित्तौड़गढ़। विधायक चंद्रभान सिंह आक्या की अनुशंसा पर राजस्थान सरकार ने चित्तौड़गढ़ विधानसभा क्षेत्र में करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से मिसिंग लिंक एवं नॉन-पेचेबल सड़क निर्माण एवं नवीनीकरण कार्यों को स्वीकृति प्रदान की है।
स्वीकृत मिसिंग लिंक सड़कों में मेवासा में 0.600 किमी सीसी सड़क (76 लाख रुपये), सिंदवड़ी से चरलिया-कारूंडा रोड (1.500 किमी, 1.06 करोड़ रुपये), बड़ोदिया-चौगावड़ी रोड से आमोलिया (3 किमी, 2.15 करोड़ रुपये) तथा बड़ली की ढाणी से धनेश्वर महादेव (1.500 किमी, 1.05 करोड़ रुपये) सड़क निर्माण शामिल हैं।
वहीं नॉन-पेचेबल सड़क कार्यों के तहत सेगवा, सोनगर-दुवावा, मोडिया महादेव-उंदरी, रघुनाथपुरा संपर्क मार्ग, धराणा-बड़सिंहजी का गुड़ा, रोलाहेड़ा संपर्क मार्ग, चांपाखेड़ी-अमरपुरा, भदेसर-लसड़ावन रोड से पीपली गुड़ा तथा पंचायत समिति भदेसर से अस्पताल तक सड़क निर्माण एवं नवीनीकरण कार्यों को स्वीकृति दी गई है।
विधायक आक्या ने कहा कि इन सड़क परियोजनाओं के पूर्ण होने से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा, किसानों, विद्यार्थियों और आमजन को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्र के विकास को नई गति प्राप्त होगी।