नीमच। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के शुभारंभ अवसर पर कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने शुक्रवार को मनासा तहसील की ग्राम पंचायत ढाकनी स्थित आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर बच्चों को दी जा रही शाला पूर्व शिक्षा एवं पोषण सेवाओं का जायजा लिया। उन्होंने बच्चों के बीच बैठकर आत्मीय संवाद किया और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से उनके सीखने के स्तर का आकलन किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने आंगनवाड़ी में संचालित प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा गतिविधियों का अवलोकन किया। एलईडी के माध्यम से बच्चों को अक्षर ज्ञान, अंक ज्ञान, चित्र पहचान एवं फलों के नाम से संबंधित गतिविधियां कराई गईं। बच्चों ने उत्साहपूर्वक गिनती, अंग्रेजी वर्णमाला, कविताएं और फलों के नाम सुनाकर अपनी सीखने की क्षमता का परिचय दिया। कलेक्टर ने बच्चों की सक्रिय सहभागिता की सराहना करते हुए नियमित रूप से आंगनवाड़ी आने और खेल-खेल में सीखने के लिए प्रेरित किया।
कलेक्टर ने एसईएम श्रेणी के बच्चों से भी संवाद कर उनकी शैक्षणिक प्रगति जानी तथा आंगनवाड़ी में दिए जा रहे पोषण आहार एवं मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और वितरण व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य प्रबंधन, नियमित टीकाकरण, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को दी जा रही सेवाओं की जानकारी ली। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र हितग्राहियों तक विभागीय योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए। इस दौरान कलेक्टर ने गंभीर कुपोषण से ग्रसित दो बच्चों की माताओं को न्यूट्री बास्केट भी वितरित की।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अमन वैष्णव, एसडीएम किरण आंजना, परियोजना अधिकारी ईरफान अंसारी तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।