छतरपुर। जिले के राजनगर नगर परिषद सभागार में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत वृहद जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ राजनगर विधायक अरविंद पटेरिया ने किया। इस दौरान कलेक्टर मृणाल मीणा, पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा, जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया सहित शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
शिविर में जिले के अधिकारियों ने आम लोगों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही त्वरित निराकरण किया। प्रधानमंत्री आवास योजना, ट्राई साइकिल वितरण, पेंशन योजना, राशन पर्ची सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ हितग्राहियों को उपलब्ध कराया गया।
विधायक अरविंद पटेरिया ने कहा कि मुख्यमंत्री का उद्देश्य जनता की समस्याओं का समाधान कर उनके विश्वास पर खरा उतरना है। वहीं नवागत कलेक्टर मृणाल मीणा के सामने भी आमजनों ने अपनी समस्याएं खुलकर रखीं।
नगर परिषद अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य शासन की जनहितैषी योजनाओं का सही तरीके से क्रियान्वयन कर उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि शिविर में करीब 1000 हितग्राहियों की समस्याओं का तत्काल निराकरण किया गया, जबकि शेष समस्याओं का निर्धारित समय सीमा में समाधान किया जाएगा।