नीमच। खाद्य एवं औषधि प्रशासन तथा जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को जरौली ट्रेड सेंटर स्थित राजेश ट्रेडर्स पर आकस्मिक निरीक्षण कर कार्रवाई की। यह कार्रवाई नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन, भोपाल एवं कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देश पर की गई।
निरीक्षण के दौरान धौलपुर फ्रेश दानेदार देसी घी (900 एमएल, 450 एमएल एवं 180 एमएल) तथा धौलपुर फ्रेश देसी घी (10 एमएल पैक) के कुल चार नमूने गुणवत्ता जांच के लिए प्रतिष्ठान संचालक अनिल कुमार रामनानी से लिए गए।
नमूना संग्रहण के बाद शेष घी को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत आगामी जांच एवं कार्रवाई के लिए जब्त कर लिया गया। जब्त घी की अनुमानित कीमत 1.42 लाख रुपये बताई गई है।
कार्रवाई में तहसीलदार मृगेंद्र सिसोदिया, खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजू सोलंकी, यशवंत कुमार शर्मा एवं उनकी टीम शामिल रही।