सिंगोली। नगर के वार्ड क्रमांक 3 में बजरंग व्यायाम शाला के सामने वर्षों से खाली पड़े बेशकीमती भूखंड पर नगर परिषद ने कार्रवाई की है। लंबे समय से भूखंड पर कचरा और गंदगी होने के साथ ही अवैध कब्जे की आशंका को लेकर शिकायतें मिल रही थीं।
शिकायतों के बाद सीएमओ ऋषिकांत यादव ने जिला कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देश पर शुक्रवार को कार्रवाई की। तहसीलदार ऋषभ ठाकुर की मौजूदगी में नगर परिषद के सफाई अमले ने भूखंड की सफाई करवाई। इसके बाद भूखंड पर लाइनिंग कर उसे नगर परिषद के कब्जे में लिया गया और मौके पर पंचनामा भी तैयार किया गया।
कार्रवाई के दौरान तहसीलदार ऋषभ ठाकुर, सीएमओ ऋषिकांत यादव सहित नगर परिषद के अधिकारी-कर्मचारी और पुलिस बल मौजूद रहा। नगर परिषद की इस कार्रवाई से लंबे समय से खाली पड़े भूखंड के संरक्षण की उम्मीद जगी है।