नीमच। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने शुक्रवार को मनासा तहसील के ग्राम ढाकनी स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण कर शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता और विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी विषयगत समझ का आकलन किया तथा नियमित अध्ययन और लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने की सीख दी।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कक्षा 9वीं एवं 10वीं के विद्यार्थियों से गणित और अंग्रेजी विषय से संबंधित प्रश्न पूछे। विद्यार्थियों से ब्लैकबोर्ड पर प्रश्न हल करवाकर उनकी शैक्षणिक दक्षता परखी तथा आत्मविश्वास के साथ अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने विद्यालय में संचालित गतिविधि आधारित शिक्षण और डिजिटल स्मार्ट बोर्ड के माध्यम से कराए जा रहे अध्ययन का अवलोकन किया। कलेक्टर ने इसे प्रभावी शिक्षण का बेहतर माध्यम बताते हुए शिक्षकों को ऐसे नवाचार लगातार जारी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कक्षाओं में विद्यार्थियों के साथ बैठकर अध्यापन कार्य भी देखा और शिक्षण गुणवत्ता की सराहना की।
कलेक्टर ने विद्यालय में विद्यार्थियों के बैठने की व्यवस्था एवं उपलब्ध बेंचों की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना भी आवश्यक है।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अमन वैष्णव, एसडीएम किरण आंजना, जिला शिक्षा अधिकारी ऐश्वर्या मूंदड़ा, जिला परियोजना समन्वयक दिलीप व्यास सहित संबंधित अधिकारी एवं विद्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा।