नीमच। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत लोक शिक्षण संचालनालय, भोपाल के अपर संचालक बलवंत वर्मा ने शुक्रवार को जिले के विभिन्न विद्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता, विद्यार्थियों की उपस्थिति, साफ-सफाई और उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अपर संचालक ने शासकीय प्राथमिक विद्यालय खड़ावदा, शासकीय माध्यमिक विद्यालय पिपलिया हाड़ी, शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रेवली-देवली, सांदीपनि विद्यालय एवं छात्रावास का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद किया और विषयों से संबंधित प्रश्न पूछकर उनके शैक्षणिक स्तर का आकलन किया। उन्होंने शिक्षकों द्वारा कराए जा रहे अध्यापन कार्य का भी अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान वर्मा ने विद्यालयों में विद्यार्थियों की उपस्थिति, कक्षाओं की व्यवस्था, साफ-सफाई और उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने शिक्षकों को विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने तथा प्रत्येक विद्यार्थी के सीखने के स्तर में सुधार के लिए निरंतर प्रयास करने के निर्देश दिए।
उन्होंने गतिविधि आधारित शिक्षण को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को सहज, सरल और रुचिकर तरीके से पढ़ाया जाए, ताकि वे विषयों को बेहतर ढंग से समझ सकें।
अपर संचालक ने छात्रावास का भी निरीक्षण कर विद्यार्थियों को उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार करने तथा विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार होना चाहिए और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना सभी की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी ऐश्वर्या मूंदड़ा, विभागीय अधिकारी, प्राचार्य एवं शिक्षक उपस्थित रहे।