खरगोन। महेश्वर शहर मुस्लिम जमात महेश्वर ने पीरानपीर दातार दरगाह से संबंधित भूमि के सीमांकन एवं अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर शुक्रवार को तहसीलदार महेश्वर को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में मुस्लिम जमात के सदर अब्दुल रहूफ शेख ने बताया कि ढाक बंगला रोड स्थित एमपीबी कार्यालय के सामने पीरानपीर दातार की मजार से संबंधित खसरा नंबर 238/1 सहित आसपास के खसरा नंबर 238/2, 238/3, 238/4 एवं 238/5 की भूमि पर सीमांकन कराया जाना आवश्यक है। उनका आरोप है कि कुछ लोगों द्वारा कथित रूप से भूमि पर अतिक्रमण करते हुए नक्शे में फेरबदल किया गया है तथा भूमि का विक्रय भी किया गया है। इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई किए जाने की मांग की गई है।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि पीरानपीर दातार की मजार मुस्लिम समाज की आस्था का प्रमुख धार्मिक स्थल है, इसलिए संबंधित भूमि का शीघ्र सीमांकन कर विधिवत सीमाचिह्न स्थापित किए जाएं तथा यदि कहीं अवैध अतिक्रमण पाया जाता है तो उसे हटाने की कार्रवाई की जाए। साथ ही सीमांकन आवेदन पर तत्काल कार्रवाई करते हुए राजस्व विभाग के अधिकारियों एवं पटवारी दल की उपस्थिति में मौके पर सीमांकन कराने का अनुरोध किया गया।
इस अवसर पर शहर मुस्लिम जमात के सदर रहूफ शेख, शहर काजी आशिक हुसैन अशरफी, नायब सदर इसराइल मलक, नदीम अंसारी, सगीर कुरैशी, मुदस्सर शेख, नियाज़ मंसूरी, शेख सादिक, छोटू एवं उस्मान अंसारी सहित मुस्लिम समाज के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।