निम्बाहेड़ा। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रस्तावित एक दिवसीय निम्बाहेड़ा दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे के दौरान जेके चौराहे पर नगर परिषद निम्बाहेड़ा द्वारा स्थापित भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की 21 फीट ऊंची प्रतिमा सहित विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण तथा नवीन विकास कार्यों का शिलान्यास प्रस्तावित है। दौरे में प्रदेश के वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों के भी शामिल होने की संभावना है।
पूर्व यूडीएच मंत्री एवं निम्बाहेड़ा विधायक श्रीचंद कृपलानी ने बताया कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। कार्यक्रम के तहत जेके चौराहे पर स्थापित स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा के साथ भारत माता उद्यान, भारत माता की प्रतिमा एवं वीरांगना पन्नाधाय की प्रतिमा सहित नगर में पूर्ण किए गए विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण प्रस्तावित है। इसके अलावा कई नवीन विकास कार्यों का शिलान्यास भी किया जाएगा।
विकास स्थलों का किया निरीक्षण-
विधायक श्रीचंद कृपलानी दिल्ली से निम्बाहेड़ा पहुंचने के बाद जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ प्रस्तावित कार्यक्रम से जुड़े विभिन्न स्थलों के निरीक्षण के लिए पहुंचे। उन्होंने जेके चौराहा, आदर्श कॉलोनी स्थित आवरी माता मंदिर के समीप शिवाजी उद्यान तथा हुडको कॉलोनी स्थित भारत माता उद्यान का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से विकास कार्यों की प्रगति एवं व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए सभी विकास कार्य निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण किए जाएं। साथ ही कार्यक्रम स्थलों पर आमजन की सुविधा, साफ-सफाई, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
कॉलेज ग्राउंड में सभा स्थल का लिया जायजा-
विधायक कृपलानी ने लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम के बाद प्रस्तावित सभा एवं समारोह स्थल कॉलेज ग्राउंड का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ कार्यक्रम की व्यवस्थाओं पर चर्चा कर आवश्यक तैयारियों के संबंध में दिशा-निर्देश दिए।
कृपलानी ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का निम्बाहेड़ा आगमन क्षेत्र के लिए गौरव का अवसर होगा। राज्य सरकार के नेतृत्व में क्षेत्र में विकास कार्यों को लगातार गति मिल रही है। नगर में विकसित किए जा रहे उद्यान, महापुरुषों एवं राष्ट्रनायकों की प्रतिमाएं तथा विभिन्न आधारभूत विकास कार्य आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेंगे।
उन्होंने कहा कि स्व. अटल बिहारी वाजपेयी, भारत माता एवं वीरांगना पन्नाधाय से जुड़े स्मारक और उद्यान निम्बाहेड़ा की पहचान एवं गौरव को नई ऊंचाई प्रदान करेंगे। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे के दौरान इन विकास कार्यों का लोकार्पण क्षेत्रवासियों के लिए विशेष अवसर होगा।
प्रशासन और संगठन ने तेज की तैयारियां-
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं आमजन में भी उत्साह का माहौल है। कार्यक्रम को भव्य एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन, नगर परिषद एवं भाजपा संगठन की ओर से तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान पूर्व विधायक अशोक नवलखा, निवर्तमान जिला प्रमुख गब्बर सिंह अहीर, पूर्व भाजपा नगर अध्यक्ष नितिन चतुर्वेदी, भाजपा नगर अध्यक्ष कपिल चौधरी, पूर्व नगर अध्यक्ष मोतीलाल आहूजा, पूर्व नगर महामंत्री वीरेश चपलोत, उमेश तोतला, नगर महामंत्री देवकरण समदानी, कमलेश बनवार, निलेश मेहता सहित एसडीएम एवं नगर परिषद प्रशासक विकास पंचोली, नगर परिषद आयुक्त दुर्गेश सिंह रावल, सार्वजनिक निर्माण विभाग के एक्सईएन रवि बंसल, सहायक अभियंता निशा पूर्बिया, नगर परिषद सहायक अभियंता दुलीचंद सोलंकी, कनिष्ठ अभियंता सत्यनारायण प्रजापत सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।