खरगोन। शहर और आसपास के क्षेत्रों में सड़क पर चलते-फिरते या टहलते समय मोबाइल पर बात करने वाले लोगों को बाइक सवार बदमाश निशाना बना रहे हैं। मोबाइल झपटकर फरार होने की घटनाओं से लोगों में चिंता बढ़ रही है। पुलिस ने भी लोगों से सुनसान रास्तों पर मोबाइल का उपयोग करते समय सतर्क रहने की अपील की है।
ऐसा ही एक मामला मेनगांव थाना क्षेत्र में सामने आया है। जानकारी के अनुसार खरगोन-इंदौर रोड पर एक मिर्ची व्यापारी सड़क पर मोबाइल पर बात कर रहा था। इसी दौरान बाइक सवार बदमाश मौके पर पहुंचे और झपट्टा मारकर व्यापारी का मोबाइल छीन लिया। वारदात के बाद आरोपी बाइक से मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित ने मेनगांव थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं को देखते हुए लोगों से अपील की जा रही है कि वे सुनसान रास्तों पर चलते समय मोबाइल पर बात करने से बचें और सड़क किनारे फोन का इस्तेमाल करते समय आसपास की गतिविधियों पर नजर रखें।