नीमच। जनता की समस्याओं का त्वरित निराकरण एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत शनिवार, 8 अगस्त को नगर पालिका कार्यालय नीमच में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया ने विभिन्न शाखाओं के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सीएमओ बामनिया ने सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण एवं समय-सीमा में निराकरण करने तथा शासन की विभिन्न योजनाओं के लंबित आवेदनों का शीघ्र समाधान कर पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
उन्होंने पेंशन शाखा से विभिन्न पेंशन योजनाओं के पात्र हितग्राहियों एवं लंबित आवेदनों की जानकारी ली। साथ ही वार्ड प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर लंबित प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पथ विक्रेताओं एवं प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए हितग्राहियों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने को कहा।
बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था, विकास कार्यों, राजस्व वसूली एवं राशन कार्ड से संबंधित समस्याओं की भी समीक्षा की गई। सीएमओ ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
बामनिया ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि कार्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में कार्यालय अधीक्षक कन्हैयालाल शर्मा, राजस्व अधिकारी खेमचंद मुसले, टेकचंद बुनकर, उपयंत्री अरविंद सिंह, एनयूएलएम सिटी मिशन मैनेजर प्रवीण आर्य, स्वास्थ्य अधिकारी दिनेश टांक, बगीचा शाखा प्रभारी महावीर जैन, लोक निर्माण शाखा के अर्जुन राठौर, जलकल शाखा के सुरेश पवार सहित विभिन्न शाखाओं के प्रभारी, स्वच्छता निरीक्षक एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।