नीमच। जिला शिक्षा विभाग, नीमच द्वारा विद्यार्थियों, अभिभावकों तथा शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों को अपार आईडी (APAAR ID) के निर्माण एवं सत्यापन के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत अपार आईडी प्रत्येक विद्यार्थी की विशिष्ट डिजिटल शैक्षणिक पहचान है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों के शैक्षणिक अभिलेख डिजिटल रूप से सुरक्षित एवं व्यवस्थित रहेंगे। साथ ही विद्यालय परिवर्तन, उच्च शिक्षा में प्रवेश, प्रमाण-पत्रों के सत्यापन तथा अन्य शैक्षणिक प्रक्रियाओं में भी सुविधा मिलेगी।
अपार आईडी के महत्वपूर्ण लाभ-
अपार आईडी के माध्यम से विद्यार्थी का संपूर्ण शैक्षणिक रिकॉर्ड डिजिटल रूप से सुरक्षित रहेगा। विद्यालय परिवर्तन अथवा उच्च शिक्षा में प्रवेश के दौरान शैक्षणिक अभिलेखों के आदान-प्रदान में सुविधा होगी। विभिन्न शैक्षणिक सेवाओं एवं डिजिटल माध्यमों के उपयोग में भी यह आईडी सहायक होगी।
शत-प्रतिशत अपार आईडी बनाने के निर्देश-
जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों को प्रत्येक पात्र विद्यार्थी की अपार आईडी का निर्माण एवं सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। वर्तमान में जिले में करीब 80 प्रतिशत विद्यार्थियों की अपार आईडी बनाई जा चुकी है। शेष विद्यार्थियों की आईडी बनाने के लिए विद्यालय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
जिला शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से संबंधित विद्यालय से संपर्क कर अपार आईडी की स्थिति की पुष्टि करने तथा आवश्यक विवरण उपलब्ध कराने की अपील की है। विद्यालयों को निर्देशित किया गया है कि विद्यार्थियों को अपार आईडी से संबंधित आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराएं, ताकि भविष्य में उन्हें किसी शैक्षणिक प्रक्रिया में परेशानी न हो।