नीमच। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने शनिवार, 8 अगस्त 2026 को पुलिस कंट्रोल रूम नीमच में जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं चौकी प्रभारियों की मैराथन अपराध समीक्षा बैठक ली। सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक चली बैठक में जिले की कानून व्यवस्था, अपराधों की स्थिति एवं लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक व्यास ने कुछ थाना प्रभारियों द्वारा अपराधों के निराकरण में धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए समय-सीमा में प्रकरणों के निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अपराध नियंत्रण एवं आमजन की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
महिला एवं बालिका सुरक्षा पर विशेष जोर-
एसपी व्यास ने महिला एवं बालिकाओं से संबंधित अपराधों में संवेदनशीलता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी थाना क्षेत्रों में "सृजन संवाद योजना" के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने तथा पूर्व में घटनाओं का सामना कर चुकी महिलाओं एवं बालिकाओं का मनोबल बढ़ाने के लिए "सम्मान" कार्यक्रम आयोजित करने को कहा। उन्होंने महिला अपराधों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
साइबर फ्रॉड शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई-
पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक थाने में स्थापित साइबर हेल्प डेस्क के माध्यम से प्राप्त साइबर फ्रॉड संबंधी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई की जाए। साइबर ठगी के मामलों में पीड़ितों की राशि वापस दिलाने एवं संबंधित बैंक खातों को होल्ड कराने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।
मादक पदार्थों एवं अपराधियों पर सख्त कार्रवाई-
बैठक में एनडीपीएस एक्ट के मामलों में पारदर्शिता बरतने, मादक पदार्थ तस्करी में लिप्त आरोपियों के विरुद्ध सफेमा एवं पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए।
एसपी ने आदतन अपराधियों के विरुद्ध जिला बदर एवं रासुका की कार्रवाई करने, गुण्डे-बदमाशों को चिन्हित कर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने तथा स्थाई, फरारी एवं गिरफ्तारी वारंटों की अधिक से अधिक तामील सुनिश्चित करने को कहा।
लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश-
उन्होंने लंबित अपराध, मर्ग, चालान, गुम बालक-बालिकाओं की दस्तयाबी, संपत्ति संबंधी अपराधों में आरोपियों की गिरफ्तारी एवं माल बरामदगी की कार्रवाई शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही सीएम हेल्पलाइन एवं अन्य शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण करने को कहा।
यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था पर जोर-
एसपी व्यास ने वाहन चेकिंग के दौरान आमजन से सद्व्यवहार करने तथा शराब पीकर वाहन चलाने वाले, बिना नंबर वाहन, तीन सवारी, काली फिल्म लगे वाहनों एवं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने आगामी त्योहारों को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में आवश्यक पुलिस बल तैनात करने, रात्रि गश्त एवं पेट्रोलिंग बढ़ाने तथा साम्प्रदायिक घटनाओं की सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को देने के निर्देश दिए।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल, नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान, एसडीओपी जावद हर्ष राठौर, एसडीओपी मनासा शाबेरा अंसारी, डीएसपी महिला सुरक्षा निकिता सिंह, प्रशिक्षु डीएसपी दिव्या चंद्रवंशी सहित जिले के समस्त थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं के प्रभारी उपस्थित रहे।