मंदसौर। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने शनिवार को मंदसौर जिले के ग्राम खेरखेड़ा में 37 लाख रुपए की लागत से निर्मित अटल ग्राम पंचायत भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश आज विकास के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है और प्रदेश में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री देवड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत आमजन की शिकायतों एवं समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। शिविरों में प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़कों का व्यापक नेटवर्क विकसित हुआ है, जिससे गांवों को आपस में जोड़ा गया है। पहले जिन स्थानों तक पहुंचने में कई घंटे लगते थे, अब बेहतर सड़क सुविधाओं के कारण कम समय में पहुंचना संभव हुआ है। राज्य सरकार ने पेयजल एवं बिजली व्यवस्था को भी सुदृढ़ किया है। वहीं आयुष्मान कार्ड के माध्यम से पात्र लोगों को निरूशुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
उपमुख्यमंत्री ने मल्हारगढ़ क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि क्षेत्र के गांवों को सड़कों से जोड़ा गया है। गांधीसागर बांध का पानी हर खेत तक पहुंचाने की दिशा में भी लगातार कार्य किया जा रहा है।
राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर ने कहा कि प्रदेश में सभी क्षेत्रों में विकास कार्य किए जा रहे हैं। मध्यप्रदेश विकास के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि गेहूं उत्पादन में प्रदेश देश में अग्रणी है तथा किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने और हर घर नल से जल उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। किसानों की आय बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता है और किसान हित सर्वाेपरि है।
कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने वृक्षारोपण भी किया। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर, जिला योजना समिति सदस्य राजेश दीक्षित, मदनलाल राठौर सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।