रतलाम। जावरा विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सिविल अस्पताल जावरा में 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला के कूल्हे की हड्डी का सफल ऑपरेशन किया गया।
प्रभारी सुपरवाइजर शैलेन्द्र कुमार दवे ने बताया कि सुजापुर निवासी 70 वर्षीय प्रेमकुंवर पति नाहर सिंह घर में फिसलने के कारण घायल हो गई थीं। जांच में उनके कूल्हे की हड्डी में फ्रैक्चर पाया गया। इसके बाद आर्थाेपेडिक सर्जन द्वारा उनका सफल ऑपरेशन कर रॉड एवं प्लेट डालकर हड्डी को फिक्स किया गया।
प्रेमकुंवर बाई के पास आयुष्मान कार्ड होने के कारण ऑपरेशन सहित उपचार की सुविधाएं उन्हें अस्पताल में निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। सफल ऑपरेशन के बाद महिला ने उपचार के लिए चिकित्सकों एवं अस्पताल प्रबंधन का आभार जताते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय के प्रति भी धन्यवाद व्यक्त किया।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, सिविल अस्पताल जावरा में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास लगातार जारी हैं।