रतलाम। कलेक्टर अजय कटेसरिया ने शनिवार को कलेक्टर कार्यालय सभागार में जिला अधिकारियों की संयुक्त बैठक लेकर विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में जिला पंचायत सीईओ वैशाली जैन, अपर कलेक्टर बृजेंद्र रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने कहा कि रतलाम उद्यानिकी के क्षेत्र में प्रदेश का प्रगतिशील जिला है। जिले में उद्यानिकी फसलों का व्यापक उत्पादन होता है और अंगूर की खेती इसकी विशेष पहचान है। उन्होंने कहा कि जिले में दूध उत्पादन एवं डेयरी विकास की भी अपार संभावनाएं हैं। किसानों एवं पशुपालकों को इसका अधिक से अधिक लाभ दिलाने के लिए संबंधित विभाग समन्वय के साथ कार्य करें।
कलेक्टर ने मेडिकल कॉलेज में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की सराहना की तथा ब्लड बैंक की कार्यप्रणाली की जानकारी ली।
उन्होंने जिला रोजगार अधिकारी को युवा संगम कार्यक्रम के प्रभावी आयोजन के साथ कौशल विकास एवं युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। पशुपालन विभाग को हितग्राहीमूलक योजनाओं के अधिक से अधिक प्रकरण तैयार कर लीड बैंक के माध्यम से स्वीकृत कराने तथा पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
जल जीवन मिशन के कार्यों की भी समीक्षा-
कलेक्टर ने जल निगम एवं जल जीवन मिशन के तहत संचालित कार्यों में आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। वरिष्ठ कोषालय अधिकारी को जिले के सभी शासकीय बैंक खातों एवं उनमें उपलब्ध राशि की जानकारी लीड बैंक प्रबंधक के समन्वय से एकत्रित कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
ई-ऑफिस का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करें-
कलेक्टर ने सभी जिला अधिकारियों को ई-ऑफिस प्रणाली का सुव्यवस्थित एवं प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संचालन में किसी प्रकार की तकनीकी या प्रशासनिक समस्या आने पर तत्काल अवगत कराया जाए, ताकि उसका शीघ्र निराकरण किया जा सके। साथ ही न्यायालयों में लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर समय-सीमा में जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।