खरगोन। जवाहर मार्ग स्थित बृजेश ट्रेडिंग कंपनी पर नकली देशी घी की आशंका में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने छापेमार कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान टीम ने करीब 2 लाख 17 हजार रुपए कीमत का 364 लीटर देशी घी जब्त कर सील कर दिया।
खाद्य सुरक्षा विभाग को धौलपुर फ्रेश पैकिंग घी में मिलावट की आशंका थी। सूचना के आधार पर टीम ने प्रतिष्ठान पर पहुंचकर जांच की और मौके से घी के चार सैंपल लिए। सभी सैंपल जांच के लिए भोपाल स्थित प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी एचएल आवस्या ने बताया कि बृजेश ट्रेडिंग कंपनी से 364 लीटर घी जब्त किया गया है, जिसकी कीमत करीब 2.17 लाख रुपए है। घी के सैंपल जांच के लिए भोपाल भेजे गए हैं। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई के बाद घी को जब्त कर सील कर दिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही घी की गुणवत्ता और उसमें मिलावट की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।