चित्तौड़गढ़। विधायक चंद्रभान सिंह आक्या एवं जिला कलक्टर डॉ. मंजू के निर्देश पर नगर परिषद आयुक्त रविन्द्र यादव ने शनिवार को शहर के विभिन्न पार्कों एवं प्रमुख मार्गों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पार्कों में साफ-सफाई, घास कटिंग, विद्युत एवं स्ट्रीट लाइट व्यवस्था तथा सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पार्कों में नियमित साफ-सफाई, घास की कटिंग और खराब पड़ी लाइटों को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। आवश्यकता वाले स्थानों पर नए विद्युत पोल लगाने तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा गया। शहर के प्रमुख मार्गों पर रंग-रोगन करवाकर सार्वजनिक स्थलों को आकर्षक एवं व्यवस्थित स्वरूप देने के निर्देश दिए गए।
राजीव गांधी पार्क में आमजन की सुविधा के लिए नई बेंच लगाने तथा बेहतर प्रकाश व्यवस्था के लिए अतिरिक्त लाइटें लगाने के निर्देश दिए गए। वहीं नेहरू पार्क में आमजन एवं विद्यार्थियों के लिए ओपन लाइब्रेरी विकसित करने की दिशा में आवश्यक कार्यवाही करने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान भीलवाड़ा बायपास मार्ग पर पौधरोपण करवाने तथा स्ट्रीट लाइट के पोल को तिरंगा थीम पर रंग-रोगन करने के निर्देश दिए गए। शहर की दीवारों पर आकर्षक वॉल पेंटिंग के माध्यम से विभिन्न प्रकार की कलाकृतियां उकेरने पर भी जोर दिया गया, ताकि प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थलों का सौंदर्यीकरण हो सके।
नगर परिषद आयुक्त रविन्द्र यादव ने संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों को निर्देशित किया कि सभी विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्वक पूरे किए जाएं। साथ ही पार्कों एवं सार्वजनिक स्थलों की नियमित साफ-सफाई और रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।