उज्जैन। सुप्रसिद्ध गायक प्रतीक बच्चन बी प्राक ने आज तड़के ज्योतिर्लिंग भगवान श्री महाकालेश्वर की प्रातः कालीन भस्म आरती में दर्शन लाभ लिए। इस दौरान वें बाबा महाकाल की भक्ति में लीन दिखाई दिए। दर्शन के उपरांत बी प्राक ने कहा कि श्रावण माह के महीने में बाबा महाकाल के दरबार आना उनके लिए सौभाग्य की बात है।
मंदिर प्रबंध समिति की ओर से स्वागत
उन्होंने उज्जैन में श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं की भी बहुत प्रशंसा की और कहा कि प्रशासन ने बहुत अच्छी व्यवस्था की है, जिससे भक्तों को बाबा महाकाल के सुगम और सरल दर्शन का लाभ मिल रहा है। श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से बी प्राक का स्वागत एवं सत्कार किया गया।
भगवान शिव पर आधारित भजनों की प्रस्तुति
उज्जैन में श्रावण माह के दौरान रविवार शाम शक्ति पथ पर भक्ति और संगीत की खास महफिल सजेगी। प्रसिद्ध गायक बी प्राक यहां भगवान शिव पर आधारित भजनों की प्रस्तुति देंगे। मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग के समन्वय से “शिवतत्व-श्रावण कला उत्सव” का आयोजन शाम 7 बजे शक्तिपथ, त्रिवेणी संग्रहालय के सामने, श्री महाकालेश्वर मंदिर परिसर में किया जाएगा। कार्यक्रम में बी प्राक और उनके साथी मुंबई भगवान शिव की आराधना और भक्ति से जुड़ी प्रस्तुतियां देंगे।