झाबुआ। भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के निर्देशानुसार जिले में 9 से 17 अगस्त 2026 तक ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ व्यापक जनभागीदारी एवं देशभक्ति की भावना के साथ संचालित किया जाएगा। कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देते हुए अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिला, विकासखंड एवं ग्राम पंचायत स्तर पर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएं। इनमें स्थानीय निकायों, पंचायती राज संस्थाओं, स्वयं सहायता समूहों, शिक्षण संस्थानों, ग्राम जल एवं स्वच्छता समितियों, विद्यार्थियों, स्वयंसेवकों, अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
तिरंगा यात्रा और रैलियों के साथ होंगी विभिन्न गतिविधियां-
अभियान के दौरान तिरंगा यात्रा, तिरंगा मेला, तिरंगा कंसर्ट, बाइक एवं साइकिल रैली, मानव श्रृंखला, तिरंगा एंथम, संगीत कार्यक्रम और नुक्कड़ नाटक सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा तिरंगा आधारित कला एवं प्रदर्शनी, रंगोली, बुनाई, प्रश्नोत्तरी, सजावट एवं प्रकाश व्यवस्था तथा सैन्य बलों और पुलिसकर्मियों के लिए पत्र लेखन जैसी गतिविधियां भी होंगी।
कलेक्टर ने स्थानीय स्वयं सहायता समूहों एवं उचित मूल्य की दुकानों के माध्यम से नागरिकों के लिए पर्याप्त मात्रा में खादी एवं पॉलिएस्टर के राष्ट्रीय ध्वज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही घरों, कार्यालयों एवं अन्य उपयुक्त स्थानों पर तिरंगा फहराने के लिए नागरिकों को प्रेरित करने को कहा।
‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने से जुड़ा अभियान
इस वर्ष हर घर तिरंगा अभियान को राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उत्सव से भी जोड़ा गया है। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि अभियान के दौरान आयोजित प्रत्यक्ष कार्यक्रमों में ‘वंदे मातरम्’ का गायन तथा राष्ट्रीय ध्वज फहराना अथवा प्रदर्शित करना सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि शासकीय कार्यक्रमों, शिक्षण संस्थानों एवं सार्वजनिक सभाओं में राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान दोनों प्रस्तुत किए जाने की स्थिति में पहले ‘वंदे मातरम्’ और उसके बाद राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ का गायन किया जाए।
तिरंगे के साथ सेल्फी पोर्टल पर करें अपलोड-
कलेक्टर ने डिजिटल सहभागिता बढ़ाने के निर्देश देते हुए नागरिकों को तिरंगे के साथ सेल्फी ‘हर घर तिरंगा’ पोर्टल पर अपलोड करने के लिए प्रेरित करने को कहा। साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।
अभियान के तहत आयोजित गतिविधियों के वीडियो, फोटो एवं संक्षिप्त विवरण भी निर्धारित पोर्टल पर अपलोड किए जाएंगे। सभी विभागों को अभियान से जुड़ी गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी नियमित रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
14 अगस्त को मनाया जाएगा विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि 14 अगस्त 2026 को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ संवेदनशीलता एवं गरिमा के साथ मनाया जाए। इस अवसर पर देश के विभाजन के दौरान विस्थापन का दंश झेलने वाले तथा अपने प्राण गंवाने वाले नागरिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।
जिला एवं संबंधित स्तरों पर शांति मार्च, मौन जुलूस एवं श्रद्धांजलि सभाओं का आयोजन किया जाएगा। विभाजन से प्रभावित परिवारों अथवा उनके प्रतिनिधियों को आमंत्रित कर उनके अनुभव साझा कराने तथा सार्वजनिक स्थलों, पुस्तकालयों एवं प्रमुख प्रशासनिक भवनों में विभाजन से जुड़े ऐतिहासिक घटनाक्रम और विस्थापितों के संघर्ष को दर्शाने वाली चित्र एवं अभिलेख प्रदर्शनी लगाने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने सभी अधिकारियों को अभियान की गतिविधियों का सुव्यवस्थित आयोजन, व्यापक प्रचार-प्रसार, राष्ट्रीय ध्वज की पर्याप्त उपलब्धता एवं कार्यक्रमों का समुचित दस्तावेजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा अभियान’ को प्रत्येक नागरिक से जोड़ते हुए राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं देशभक्ति की भावना को और मजबूत किया जाए।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जितेंद्र सिंह चौहान, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व झाबुआ महेश मंडलोई, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अक्षय सिंह मरकाम, डिप्टी कलेक्टर्स एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।