देवास। सेवा और समर्पण की मिसाल बने सूरज क्लब परिवार के संस्थापक एवं भाजपा नेता स्वर्गीय सदाशिव चौहान की 13वीं पुण्यतिथि पर रविवार को देवास जिला अस्पताल में भावनात्मक और प्रेरणादायक सेवा कार्यों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अस्पताल में भर्ती मरीजों के बीच फल वितरित किए गए, वहीं डिलीवरी वार्ड में नवजात शिशुओं को वस्त्र भेंट कर उनके परिवारों के साथ आत्मीय संवाद किया गया। इसके साथ ही रक्तदान शिविर का आयोजन कर मानव सेवा का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वर्गीय सदाशिव चौहान के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर की गई। इसके पश्चात सूरज क्लब परिवार के सदस्यों ने मरीजों के बीच जाकर उन्हें फल वितरित किए और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। डिलीवरी वार्ड में नवजात बच्चों को वस्त्र प्रदान कर परिवारों के चेहरों पर मुस्कान लाई गई, जिससे पूरा वातावरण संवेदनाओं से सराबोर हो उठा।
इसके बाद आयोजित रक्तदान शिविर में कार्यकर्ताओं, क्लब सदस्यों एवं अन्य लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की। इस दौरान सेवा, सहयोग और समाज के प्रति जिम्मेदारी का भाव स्पष्ट रूप से देखने को मिला।
भाजपा नेता जुगनू गोस्वामी ने जानकारी देते हुए बताया कि स्वर्गीय सदाशिव चौहान न केवल सूरज क्लब परिवार के संस्थापक थे, बल्कि सामाजिक और धार्मिक आयोजनों में उनकी सक्रिय भूमिका हमेशा प्रेरणादायक रही है। देवास की प्रसिद्ध चुनरी यात्रा में भी सूरज क्लब परिवार का विशेष योगदान रहा है। उनकी पुण्यतिथि पर हर वर्ष इसी तरह सेवा कार्यों के माध्यम से उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित की जाती है।
सुरज क्लब के निरपेश चोहान ने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों की मदद करना, रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करना और समाज में सेवा व मानवता की भावना को और अधिक मजबूत करना है।